College Code: Affiliated to VBSP University, Jaunpur 8318173388
। महात्मा गांधी शती स्मारक महाविद्यालय, गरूआ मकसूदपुर में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) विशेष शिविर का आज भव्य समापन हुआ। शिविर के अंतिम दिन विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। समापन दिवस के प्रथम सत्र में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में स्वयंसेवकों ने गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में जाकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। हाथों में तख्तियां और नारों के माध्यम से युवाओं ने समाज को नशा छोड़ने का संदेश दिया। द्वितीय सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य, नाटक एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक मुद्दों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम ने उपस्थित दर्शकों को भाव विभोर कर दिया। समापन समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील कुमार तिवारी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा, अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करती है। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए बधाई दी। कार्यक्रम का सफल संचालन कार्यक्रम अधिकारी श्री सुबास चंद्र यादव के निर्देशन में किया गया। उन्होंने शिविर की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही महाविद्यालय के अन्य शिक्षक डॉ नितेश कुमार पांडेय, डॉ रमाशंकर यादव, श्रीमती प्रिया शुक्ला (संयुक्त महिला मंत्री) , सुश्री श्वेता सिंह एवं सभी शिक्षणेत्तर कर्मचारी का सहयोग के लिए धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया। महाविद्यालय में सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन उत्साह, जागरूकता और सांस्कृतिक रंगों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उपर्युक्त की जानकारी महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी अश्वनी कुमार ने दी।